सूरत में उत्तर भारतीय उत्थान समिति का भव्य नवरात्रि दुर्गा पूजा महोत्सव, धार्मिक आयोजनों में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

JANSAILAB-910261

बहुचर नगर में गाजे-बाजे के साथ होगा माता रानी का आगमन, मूर्ति स्थापना से लेकर भव्य विसर्जन शोभायात्रा तक होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
सूरत, 9 अक्टूबर। सूरत के वेड रोड, कतारगाम स्थित उत्तर भारतीय उत्थान समिति की ओर से भव्य नवरात्रि दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर समिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिला श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। समिति के अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद गुप्ता ने बताया कि 10 अक्टूबर को माता रानी की मूर्ति लाने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ सरदार अस्पताल परिसर पहुंचेंगे। वहां से माता रानी की मूर्ति को श्रद्धा और उत्साह के साथ लेकर रात में बहुचर नगर पहुंचेंगे। इसके बाद 11 अक्टूबर को विधि-विधान के साथ माता रानी की मूर्ति स्थापना एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। नवरात्रि महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16 अक्टूबर, शुक्रवार को निशा पूजा, माता रानी का छठी उत्सव, काजल उत्सव तथा भजन कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर आमंत्रित अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं, 19 अक्टूबर को हवन-पूजन, बाल कन्या भोज और शाम को माता रानी के भव्य भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। महोत्सव के समापन अवसर पर 20 अक्टूबर, मंगलवार को दोपहर में माता रानी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होकर जयकारों के साथ माता रानी को विदाई देंगे। समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह एवं त्रिपुरारि जी, मंत्री अनिल मौर्य, उपमंत्री दल सिंगार पाल, कथावाचक पंडित बैजनाथ तिवारी, संगठन मंत्री अरविंद मौर्य, उपकोषाध्यक्ष राजनारायण शाह, व्यवस्थापक श्रवण कुमार तथा उपसलाहकार अरविंद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा साथी और महिला श्रद्धालु आयोजन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की गईं हैं।